श्री डूंगरगढ़ न्यूज़ 27 जनवरी 2025: बीकानेर। भाजपा के कोलायत नेता श्याम पंचारिया को भाजपा देहात जिलाध्यक्ष बीकानेर के पद पर नियुक्त किया गया है। आज बीकानेर में पार्टी कार्यालय में इस पद के लिए चुनाव संपन्न हुए। सहकारी मंत्री गौतम दक ने श्याम पंचारिया के नाम की घोषणा की।
चुनाव अधिकारी जगत नारायण जोशी ने आवेदकों से पार्टी के संभाग कार्यालय बीकानेर में आवेदन प्राप्त किए। उनके सहयोगी के रूप में सह चुनाव अधिकारी रामेश्वर पारीक और संजय दैया ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। भाजपा बीकानेर देहात जिलाध्यक्ष पद के लिए कुल 10 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 3 आवेदन खारिज कर दिए गए, जबकि 7 आवेदन सही पाए गए।
श्याम पंचारिया के नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष बनने के बाद उन्होंने अपना कार्यभार संभाल लिया। इस अवसर पर पार्टी कार्यालय में सुबह से ही खासी हलचल रही। बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और नेता इस कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम में निवर्तमान जिलाध्यक्ष जालम सिंह भाटी, ओबीसी मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष चंपालाल गैदर, सवाई सिंह तंवर, देवीलाल मेघवाल, शिव प्रजापत, नवरत्न घिंटाला, भंवरलाल जांगिड़, कैलाश विश्नोई, मोतीसिंह राठौड़, छैलूसिंह शेखावत सहित कई मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रतिनिधि और अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस नियुक्ति से भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह और नई ऊर्जा का संचार हुआ है।