दौसा/अलवर: जम्मू कश्मीर (jammu and kashmir) में शोपियां में आतंकियों से जारी मुठभेड़ (terrorist encounter) में मोर्चा संभालने के लिए जा रहे सेना के तीन जवान शहीद हो गए हैं।
इनमें से दो जवान राजस्थान के हैं। दौसा और अलवर के ये सपूत सुरक्षा बलों के साथ मोर्चा लेने आगे बढ़ रहे थे। तभी उनका वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में अलवर के रहने वाले रामअवतार और दौसा के रहने वाले पवन सिंह गुर्जर शहीद हो गए।
दौसा के पवन सिंह गुर्जर कंचनपुरा गांव के रहने वाले थे और उनके पिता भीम सिंह गुर्जर आईटी केंद्र में गार्ड हैं। वहीं उनके भाई मोहन सिंह और वीर सिंह खेती किसानी करते हैं। जैसे ही शहीद पवन सिंह गुर्जर की खबर उनके पैतृक गांव में पहुंची तो पूरे गांव में शोक की लहर छा गई और परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल है।

Rajasthan: दिल्ली मानसरोवर थाने की महिला एएसआई कोटा में रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
बताया जा रहा है कि इस पूरे घटनाक्रम में 8 जवान घायल हुए थे। जिनमें से 3 जवान शहीद हुए हैं। वहीं पांच अन्य जवान घायल हैं। सेना की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले के कनिपोरा गांव के पास, शोपियां के बडिगाम में एक मुठभेड़ स्थल के रास्ते में वाहन पलटने से सेना के तीन जवानों की जान चली गई। और पांच जवान घायल हो गए।
तीन जवानों की मौत, 5 घायल
सुरक्षा बलों की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार गीली सड़क की स्थिति के कारण, चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और वह सड़क पर फिसल गया। आठ घायल सैनिकों को जिला अस्पताल शोपियां ले जाया गया, जहां उनमें से दो को मृत घोषित कर दिया गया। एक सिपाही को मामूली चोट आई थी और उसे जिला अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। पांच अन्य घायल सैनिकों को 92 बेस अस्पताल, श्रीनगर ले जाया गया, जहां तीसरे सैनिक ने भी दम तोड़ दिया। चार जवान इस समय 92 बेस अस्पताल में हैं और उनका इलाज चल रहा है।